सरकारी गौशाला से गौ तस्करी: ग्राम प्रधान निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर पुलिस ने कटान के लिए हो रही गौ वंश तस्करी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए अपना दल कमेरावादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दिलीप कुमार राम और राजेश कोल भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि श्याम बहादुर पटेल सरकारी गोशाला में संरक्षित गायों को अवैध रूप से गोतस्करों को बेच देता था। इसके बाद इन गायों को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था.. पुलिस के अनुसार, लंबे समय से गोशाला से पशुओं की संख्या कम होने की शिकायत मिल रही थी। जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और गोशाला प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होगी। आरोपियों के खिलाफ गोकशी निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
