पारिवारिक गृह क्लेश में पत्नि ने काट दी पति की जीभ
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि पत्नी ने गुस्से में आकर पति की जीभ काट दी। जीभ का टुकड़ा बेड पर गिरा देख घर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पति ने खाना पसंद न आने पर पत्नी से कह दिया— “तुम अच्छा खाना नहीं बना पाती हो।” बस इसी बात पर पत्नी आपा खो बैठी। गुस्से में उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पति पर हमला कर दिया।
घायल पति खून से लथपथ हालत में चीखता-चिल्लाता कमरे से बाहर भागा और मां के पास पहुंचा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। आनन-फानन में उसे मोदीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर वारदात के बाद पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पड़ोसी दरवाजा खोलने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। अगले दिन सुबह जब महिला बाहर निकली तो गुस्साए रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी।
महिला का आरोप है कि वह दिनभर मेहनत करती थी, इसके बावजूद पति उससे मारपीट करता था और बार-बार ताना देता था कि खाना अच्छा नहीं बनाती। दोनों की शादी महज 10 महीने पहले मार्च में हुई थी।
