मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
एटा । जनपद एटा में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह का पर्यवेक्षण रहा।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने गांव, कस्बों, मोहल्लों, बाजारों, चौराहों, शिक्षण संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में महिलाओं को आपातकालीन सेवाओं जैसे 112, 1090 (वुमेन पावर लाइन) और 181 (महिला हेल्पलाइन) के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर सेफ्टी टिप्स भी साझा किए गए।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित कानूनों की जानकारी दी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के अंतर्गत पंपलेट वितरित कर भी जागरूकता फैलायी गई। पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है।
