DPRO एटा मोहम्मद राशिद निलंबित: शासन के कार्यों में लापरवाही बरतने एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पड़ी भारी
एटा। बीते दिनों सीडीओ पर हुई कार्रवाई के बाद एकबार फिर जिले में डीपीआरओ पर सख्त कार्यवाही देखने को मिली है, शासन के कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मामले में पंचायतीराज निदेशक के आदेश पर डीपीआरओ मोहम्मद राशिद को निलंबित कर दिया गया है।
इससे पूर्व रहे डीपीआरओ प्रीतम सिंह पर भी भ्रष्टाचार और घोर लापरवाही को लेकर कार्यवाही की गई थी, जिले में लगातार तीन डीपीआरओ पर एक जैसे आरोपों में शासन ने कार्यवाही की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीपीआरओ मोहम्मद राशिद पर शासन के कार्यों में घोर लापरवाही बरतने, समयबद्ध योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू न करने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के गंभीर आरोप लगे थे। कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यशैली में सुधार न होने पर अंततः शासन को यह कठोर कदम उठाना पड़ा। बता दें जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से डीपीआरओ मोहम्मद राशिद को निलंबित कर लखनऊ मुख्यालय से सम्बन्ध कर दिया गया है। पंचायती राज निदेशक की कार्रवाई के बाद फिलहाल प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए एसडीएम पीयूष रावत को डीपीआरओ का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है।
