सीएमओ ने किया सीएचसी जागीर का औचक निरीक्षण, टीकाकरण की प्रगति सुधारने के निर्देश
मैनपुरी 13 अप्रैल अजय किशोर। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) जागीर का औचक निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान सीएमओ ने प्रसव कक्ष का गहनता से अवलोकन किया और अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद किशोर को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में आयोजित बीडब्ल्यूआर बैठक के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में यू-विन पोर्टल पर डेटा की समयबद्ध फीडिंग और प्रत्येक एएनएम के कार्य प्रदर्शन की जांच की गई। समीक्षा में जिन उपकेंद्रों पर टीकाकरण का प्रतिशत कम पाया गया, वहां की एएनएम को कार्यशैली में सुधार लाने और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने की कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने जोर दिया कि शिशुओं और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकों का लाभ मिले, इसके लिए सत्रों की नियमितता अनिवार्य है। इस अवसर पर डॉ. वी.पी. सिंह, रविन्द्र सिंह गौर सहित ब्लॉक व जिला स्तरीय अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
