सामूहिक विवाह समारोह में दूसरी शादी करने पहुंचा युवक, पहली पत्नी ने पहुंचकर किया हंगामा, सत्यापन प्रक्रिया पर उठे सवाल
एटा। जनपद एटा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब एक युवक कथित तौर पर दूसरी शादी करने पहुंच गया। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी समारोह स्थल पर पहुंच गई और उसने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
पहली पत्नी सोनी का कहना है कि उसका वैवाहिक विवाद पिछले तीन वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद युवक दूसरी शादी करने जा रहा है।
मारहरा क्षेत्र के गांव मीरा सराय निवासी आकाश पुत्र राकेश की शादी वर्ष 2021 में अलीगंज क्षेत्र के चमन नगरिया निवासी सोनी पुत्री रामशरन के साथ हुई थी।
सोनी का आरोप है कि बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने के साथ ही युवक सरकारी योजना का अनुचित लाभ उठाने का प्रयास कर रहा था।
महिला के अचानक समारोह स्थल पर पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई, शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल विवाह रुकवाया और दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
इस मामले के सामने आने के बाद सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो गए हैं……..
सामूहिक विवाह योजना में जांच अधिकारी का मुख्य कार्य आवेदकों की पात्रता, दस्तावेजों और वैवाहिक स्थिति का जमीनी सत्यापन करना होता है, ताकि योजना का लाभ सही और जरूरतमंद जोड़ों को मिल सके,
साथ ही मौके पर जाकर परिवार और पड़ोस के लोगों से यह पुष्टि करना कि वर या वधू का पहले विवाह तो नहीं हुआ है (तलाकशुदा या विधवा/विधुर के मामलों में संबंधित कानूनी प्रमाण देखना) होता है।
