शिक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम का सख्त निरीक्षण अभियान जारी: खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मिरहची में सफाई व्यवस्था खराब पाए जाने पर जताई नाराजगी
एटा। जनपद में शिक्षा व्यवस्था एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की जमीनी स्थिति परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज विकासखंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत असरौली स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय,आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। विद्यालय परिसर में संचालित दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए पाया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र ‘ए’ में 55 के सापेक्ष 45 तथा आंगनबाड़ी केंद्र ‘बी’ में 60 के सापेक्ष 25 बच्चे उपस्थित थे। इस पर उन्होंने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
असरोली विद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं शैक्षिक वातावरण संतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों द्वारा विद्यालय में सकारात्मक एवं अनुशासित माहौल तैयार किया गया है, जो बच्चों के बौद्धिक एवं शैक्षिक विकास में सहायक सिद्ध हो रहा है। निरीक्षण के दौरान कक्षा-6 की छात्रा गुंजन ने 19 का पहाड़ा स्पष्ट एवं सही ढंग से सुनाया, जिस पर जिलाधिकारी ने छात्रा की सराहना की। साथ ही शिक्षिका रिचा गुप्ता को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनके द्वारा बच्चों के शैक्षिक विकास हेतु किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
जिलाधिकारी ने सभी बच्चों को नियमित रूप से यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आने के निर्देश दिए तथा कहा कि अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और उनके भविष्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही न करें।
तदोपरांत जिलाधिकारी द्वारा मॉडल विद्यालय प्राथमिक विद्यालय मिरहची का निरीक्षण किया गया, जहां छात्र संख्या के अनुपात में मात्र 60 प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने शिक्षकों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि अभिभावकों से नियमित संपर्क स्थापित कर छात्र उपस्थिति बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय परिसर में चारों ओर फैली गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि इस प्रकार की स्थिति किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी अंकित मिश्रा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से विभागीय कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।कार्यालय की
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कनिष्ठ सहायक सुबेंद्र कुमार बिना सूचना के कई दिनों से अनुपस्थित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं शिक्षक गण अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम का सख्त निरीक्षण अभियान जारी: खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मिरहची में सफाई व्यवस्था खराब पाए जाने पर जताई नाराजगी
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
