डीएम ने तहसील किशनी में लिंक एक्सप्रेस-वे की समीक्षा की; भ्रष्ट लेखपाल निलंबित
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील किशनी का औचक निरीक्षण कर लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु अधिग्रहित की जा रही भूमि की ग्रामवार समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यों में शिथिलता और भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। नगला रठेह निवासी एक किसान द्वारा लेखपाल स्वदेश कुमार पर रिश्वत लेने के बावजूद बैनामा न करने का आरोप लगाए जाने पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से दोषी लेखपाल को निलंबित करने और उनके विरुद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। साथ ही, खतौनी में दर्ज गलत नामों को सुधारने के लिए दो दिन का समय देते हुए लेखपालों को घर-घर जाकर अभिलेख एकत्र करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में पाया गया कि 15 गांवों की कुल 217 हेक्टेयर भूमि के सापेक्ष अब तक केवल 80 हेक्टेयर का ही बैनामा हुआ है। सिंहपुर, अहमलपुर और तरिहा जैसे गांवों में खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गोपाल शर्मा को निर्देशित किया कि बैनामा लेखकों का सहयोग लेकर इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करें और एक सप्ताह के भीतर किसानों का भुगतान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुआवजा राशि सीधे आरटीजीएस के माध्यम से दी जाएगी, इसलिए किसान किसी बिचौलिये के बहकावे में न आएं। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर किसानों से सीधा संवाद करने और माइक्रो-प्लान के तहत कार्य करने की हिदायत दी ताकि परियोजना समय सीमा के भीतर पूरी हो सके।
