डीएम ने जांची विकास कार्यों की रफ्तार: गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर, तीन माह में पूर्ण होंगे धार्मिक पर्यटन कार्य
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं की विभागवार सघन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मानकों का पालन और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए और एरिया डेवलपमेंट के कार्यों को इस तरह आकर्षक बनाया जाए कि बजट का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे।
बैठक में धार्मिक एवं पर्यटन विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि भगवान भोलेनाथ विष्णुधाम मंदिर, माता मंदिर और हनुमान जी महाराज मंदिर के अधिकांश सौंदर्यकरण कार्य अगले तीन महीनों में पूर्ण कर लिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने माता मंदिर परिसर में शेष फिनिशिंग कार्यों को 10 से 15 दिनों में पूरा करने और घंटाघर परियोजना में फसाड लाइटिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइटिंग और चेन फेंसिंग के बिना सौंदर्यकरण का उद्देश्य अधूरा है। इसके अतिरिक्त, रामलीला मैदान में वृहद वृक्षारोपण और मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया ताकि स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
जनपद की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं जैसे न्यायालय परिसर में निर्माणाधीन 09 कोर्ट रूम, डिजिटल लाइब्रेरी और भोगांव के बहुउद्देशीय भवन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धन की उपलब्धता और कार्य की प्रगति के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया। बरनाहल में निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर को अक्टूबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि भोगांव-संकिसा मार्ग चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण बताया गया। बैठक के अंत में डॉ. त्रिपाठी ने सभी अभियंताओं को चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु सहित तमाम संबंधित अधिकारी और परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।
डीएम ने जांची विकास कार्यों की रफ्तार: गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर, तीन माह में पूर्ण होंगे धार्मिक पर्यटन कार्य
Culprit Tahalka Admin हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। विभिन्न विषयों पर समाचार, विश्लेषण और विशेष रिपोर्ट तैयार करते हैं तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हैं।
Leave a Comment
Leave a Comment
