निरीक्षक नवीन कुमार यादव के आकस्मिक निधन पर जनपदीय पुलिस शोकाकुल: एसएसपी द्वारा अपने अधीनस्थों सहित पुलिस लाइन में दी गई शोक सलामी
———————————————
एटा। (रिजर्व पुलिस लाइन एटा पर तैनात निरीक्षक नवीन कुमार यादव (पीएनओ 982652280 ) पुत्र राजेंद्र सिंह यादव का आकस्मिक निधन हो गया।) समय करीब 23.40 बजे डा0 भीमराव अम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद से कोर्स करके अपनी निजी कार से वापिस एटा आ रहे थे,एटा-कासगंज रोड पर क़स्बा मिरहची थाना मिरहची एटा के पास ट्रेक्टर ट्राली से दुर्घटना में मौके पर मृत्यु हो गयी है। निरीक्षक नवीन कुमार यादव की नियुक्ति दिनांक 10.02.1998 को उपनिरीक्षक पद पर हुई थी। वह अपने सेवाकाल में एक कर्मठ, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मी के रूप में जाने जाते थे। दिवंगत पुलिसकर्मी को आज पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जी द्वारा, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप कुशवाह, क्षेत्राधिकारी यातायात संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं अन्य पुलिस कर्मियों सहित शोक सलामी (Guard of Honour) दी गई। शोक सलामी देने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारियों द्वारा पार्थिव शरीर को कंधा देकर स्वजनों के सुपुर्द किया तथा एसएसपी एटा ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जनपदीय पुलिस दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करती है तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करती है।
