सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष:विकास खंडों में समेकित जनकल्याण शिविरों का आयोजन
केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु लगाए गए विभागीय स्टॉल, स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास खंडों में लगे जनकल्याण शिविर
जन-जन तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं, शिविरों में लाभार्थियों को किया जा रहा लाभान्वित
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: जनपद में आयोजित हुए समेकित जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले
एटा। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों में “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनकल्याण” की भावना के अनुरूप जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र के मार्गदर्शन में समेकित जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन, पंजीकरण एवं लाभ वितरण की कार्यवाही भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गणों ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनसमूह को प्रदान की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने सहभागिता कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया। जिला प्रशासन द्वारा सभी विकास खंडों में शिविरों के प्रभावी संचालन एवं अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
