मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा
—————————————-
20 जुलाई तक ऋण वितरण में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आज मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, एटा में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद को वर्ष 2026-27 के लिए 1700 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 08 जुलाई, 2026 तक 157 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 135 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकवार समीक्षा करते हुए ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है, इसलिए सभी बैंक निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करें।
बैठक में विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने 20 जुलाई, 2026 तक कुल 402 नए ऋण वितरण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि शाखा प्रबंधक ऋण आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा बिना उचित कारण किसी भी पात्र आवेदन को लंबित न रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्वीकृत प्रकरण में अनावश्यक विलंब अथवा गलत कारणों से अस्वीकृति पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी बैंक अधिकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक पात्र युवाओं को लाभान्वित करें।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक सौरभ वर्मा,विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, शाखा प्रबंधक, बैंक समन्वयक तथा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
