श्रावण मास के सोमवार को डीएम- एसएसपी ने परसोंन मंदिर में की पूजा-अर्चना, ड्यूटीरत कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश
एटा। पवित्र सावन माह में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जि. द्वारा थाना बागवाला क्षेत्रांतर्गत प्रसिद्ध परसोंन मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना के पश्चात जिलाधिकारी एवं एसएसपी एटा ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
➡️इस अवसर पर ड्यूटीरत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों को निम्न दिशा-निर्देश दिए गए:
1. सुरक्षा व्यवस्था- मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 24×7 पुलिस गश्त एवं सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित की जाए। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे।
2. यातायात प्रबंधन- कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सुगम यातायात एवं समुचित पार्किंग व्यवस्था की जाए।
3. सुविधाएं- श्रद्धालुओं को पेयजल, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
4. समन्वय- मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद बनाकर किसी भी समस्या का तत्काल निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
एसएसपी एटा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराना हमारी प्राथमिकता है। अफवाहों पर ध्यान न दें और अनुशासन बनाए रखें।
