माता पर नेजा चढ़ाने आए श्रद्धालु की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
मैनपुरी (अजय किशोर)। थाना बिछमाँ क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी 37 वर्षीय विक्रम पुत्र मिजाजीलाल की एक सड़क दुर्घटना में जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम अन्य ग्रामीणों के साथ मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर स्थित शीतला माता मंदिर में नेजा चढ़ाने आए थे। नेजा चढ़ाने के उपरांत जब सभी श्रद्धालु भोजन कर रहे थे, तभी सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने विक्रम को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद घायल विक्रम को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मंगलवार को डॉक्टरों के द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
