एटा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, प्रशासन सतर्क
एटा। जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न गैस एजेंसियों पर औचक जांच की गई। निरीक्षण के दौरान फौजी गैस सर्विस पर 936 घरेलू सिलेंडर, 50 व्यावसायिक (19 किग्रा), 108 (5 किग्रा) और 48 (2 किग्रा) सिलेंडर उपलब्ध पाए गए। वहीं, सदर गैस सर्विस पर 545 घरेलू, 100 व्यावसायिक (19 किग्रा) और 100 से अधिक (5 किग्रा) सिलेंडर मौजूद मिले।
प्रशासन ने हाईवे पर स्थित रेस्टोरेंट, ढाबों और होटलों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग को अनिवार्य करते हुए उनकी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य लंबी दूरी के ट्रक चालकों और यात्रियों को भोजन जैसी सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना है।
साथ ही, उपभोक्ताओं को 48 घंटे के भीतर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी कर रहे हैं, ताकि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी न हो।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल, डीजल या गैस का भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
