मैनपुरी में निजी अस्पताल पर गलत ऑपरेशन और ठगी का आरोप, जिलाधिकारी से शिकायत
मैनपुरी (अजय किशोर) कचहरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल पर इलाज और ऑपरेशन के नाम पर लापरवाही तथा ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। हुसैनपुर निवासी पीड़ित विशाल पुत्र संतोष कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, पेट में पथरी की समस्या होने पर वह कचहरी रोड स्थित निजी अस्पताल ‘आशा हॉस्पिटल’ के डॉक्टर सचिन बंसल के पास गया था। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने के बाद ऑपरेशन को ही एकमात्र उपाय बताया और 17 जून को उनका ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद 20 जून को डिस्चार्ज कर दिया गया।
कुछ समय बाद पीड़ित को पेट में दोबारा तेज दर्द शुरू हुआ। जब वह दोबारा जांच कराने गए, तो डॉक्टर ने इलाज कर सब ठीक होने की बात कहकर घर भेज दिया। हालांकि, राहत न मिलने पर जब पीड़ित ने दूसरे डॉक्टर (डॉ. डी.सी. गुप्ता) से अल्ट्रासाउंड व अन्य शारीरिक जांचें कराई, तो पता चला कि पेट में पथरी अभी भी मौजूद है और पूर्व में हुआ ऑपरेशन गलत था, जिसके लिए अब पुनः ऑपरेशन कराना पड़ेगा जिसका खर्चा लगभग एक लाख रुपए आएगा।
पीड़ित का आरोप है कि गलत इलाज के नाम पर उससे लगभग 80 हजार रुपये ठग लिए गए। जब उसने इस संबंध में अस्पताल में बात की, तो आरोप है कि डॉक्टर ने अपनी गलती मानने के बजाय उसके साथ बदसलूकी की और धमकी दी। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
