होटलों-रेस्टोरेंट में घरेलू गैस का खेल, 11 सिलेंडर जब्त – मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद/फर्रुखाबाद के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला पूर्ति विभाग की टीम अचानक छापेमारी करने पहुंच गई। दरअसल, खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति के कारण कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत होने लगी है, जिसका फायदा उठाकर कई होटल संचालक अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे थे। इस पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
इन दुकानों पर हुई कार्रवाई, 11 सिलेंडर बरामदजिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने आईटीआई चौराहा स्थित ग्रांट सेवर रेस्टोरेंट, अयोध्या होटल, मोती महल, न्यू नीलम, आनंद रेस्टोरेंट, सीमा बेकरी, ओम साईं बेकरी, गृहस्थी रसोई सेंटर, बन्नू मिष्ठान भंडार, पूर्विका रेस्टोरेंट, मधुर मिलन रेस्टोरेंट, अनोखे मिष्ठान भंडार और सौरभ गैस चूल्हा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
सरकारी नियमों का उल्लंघन, नोटिस जारी कर मांगा जवाब
DSO सुरेंद्र यादव ने बताया कि यह कार्रवाई ‘द्रवित पेट्रोलियम गैस आदेश 2000’ के उल्लंघन के तहत की गई है। टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, अंतिम चौधरी और वरिष्ठ सहायक राजीव कुमार शामिल रहे। विभाग ने पकड़े गए सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी को सौंप दिया है और सभी होटल मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
