मिलेट महोत्सव में किसानों को मिला श्री अन्न की खेती बढ़ाने का संदेश
एटा। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत जनपद एटा में 13 एवं 14 मार्च को द्विदिवसीय मिलेट महोत्सव का आयोजन जलेश्वर मिश्र सभागार परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड शीतलपुर के ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी एवं विकासखंड मारहरा के ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों एवं कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर किसानों से संवाद किया।
महोत्सव में अलीगढ़, मैनपुरी, कानपुर तथा एटा के कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा मिलेट उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। निजी निवेश के अंतर्गत बीज, खाद, कृषि रक्षा रसायन तथा कृषि यंत्रों से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें किसानों ने काफी सराहा।
मुख्य अतिथियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए दैनिक आहार में मिलेट (श्री अन्न) को शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से जनपद में बाजरा सहित अन्य मिलेट फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही बताया गया कि कृषि विभाग द्वारा रागी, कोदो एवं सांवा की मिनी किट उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनकी खरीफ में बुवाई कर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं।
उप कृषि निदेशक द्वारा मिलेट की उन्नत खेती एवं प्रोसेसिंग के बारे में जानकारी दी गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि मिलेट की खेती से भूमि की उर्वरता में सुधार होता है तथा कम लागत में उत्पादन संभव होने से किसानों की आय में वृद्धि होती है। केवीके अवागढ़ के वैज्ञानिकों ने श्री अन्न के पोषण एवं स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला।
जिला उद्यान अधिकारी सुघर सिंह ने फलोत्पादन, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली एवं विभागीय योजनाओं में उपलब्ध सब्सिडी की जानकारी दी। कार्यक्रम में अमेठी से आए जादूगर राजेश श्रीवास्तव ने जादू के माध्यम से मिलेट उत्पादों के लाभों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही प्रगतिशील किसानों एवं विभिन्न कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा भी सक्रिय सहभागिता की गई।
कार्यक्रम के दौरान 13 मार्च को सायं 5 बजे असम से माननीय प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी किए जाने का सजीव प्रसारण भी कराया गया, जिसे किसानों ने उत्साहपूर्वक देखा तथा बड़ी संख्या में किसानों को उनके मोबाइल पर किस्त प्राप्त होने के संदेश प्राप्त हुए।
कार्यक्रम के अंत में किसानों का धन्यवाद ज्ञापन कर महोत्सव का सफल समापन किया गया।
मिलेट महोत्सव में किसानों को मिला श्री अन्न की खेती बढ़ाने का संदेश
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
