फर्रूखाबाद चेकिंग अभियान: 3 स्लीपर बसें व 6 ट्रक सीज, ₹2.82 लाख जुर्माना
फर्रूखाबाद। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान तीन स्लीपर बसों को सीज किया गया। इनमें से एक बस, जो बरेली से आ रही थी, के दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि उसका पंजीकरण राजस्थान राज्य में निलंबित था। इस पर ₹93 हजार का जुर्माना लगाकर बस को रोडवेज बस अड्डे पर सीज कर दिया गया।
एक अन्य बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर ₹58 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि तीसरी बस पर नियम उल्लंघन के चलते ₹16 हजार का जुर्माना लगाया गया। तीनों बसों को रोडवेज बस अड्डे पर सीज किया गया।
इसके अलावा ओवरलोडिंग करते हुए तीन ट्रकों को पकड़ा गया, जिन्हें सीज कर ₹1.15 लाख का जुर्माना लगाया गया। वहीं बकाया कर के मामले में भी तीन ट्रकों को सीज किया गया, जिन पर लगभग ₹1.55 लाख का कर बकाया था।
