- मैनपुरी में अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
मैनपुरी, 25 अगस्त अजय किशोर: मैनपुरी में पुलिस ने अवैध शराब की अंतर्राज्यीय तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। घिरोर थाना क्षेत्र में पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग की एक संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पुलिस को सूचना मिली कि शिकोहाबाद से घिरोर की ओर आ रहे एक कैंटर कंटेनर में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने घिरोर थाना क्षेत्र में नहर के पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान इस कैंटर को रोका। तलाशी लेने पर कैंटर के अंदर सामान के पीछे 42 पेटियों में अवैध शराब छिपाई हुई मिली। जब्त की गई शराब में दो अलग-अलग ब्रांड, ‘क्रेट व्हिस्की’ और ‘क्रेजी रोमियो व्हिस्की’ शामिल थी। इन शराब की पेटियों पर ‘केवल अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए’ लिखा हुआ था, जिससे साफ होता है कि यह अवैध तस्करी एक राज्य से दूसरे राज्य में की जा रही थी।
पुलिस ने मौके पर ही कैंटर चालक राजेश राठौर निवासी थाना कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक परेशानियों के कारण इस अवैध धंधे में शामिल हुआ था और अरुणाचल प्रदेश से शराब लाकर बिहार में बेचता था।
सीओ घिरोर के अनुसार यह कार्रवाई नियमित अपराध नियंत्रण जांच के तहत की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मैनपुरी में अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
Leave a Comment
Leave a Comment
