थाना सकीट पुलिस, थाना साइबर एंव साइबर सेल की संयुक्त कार्यवाही में ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टेबाजी से जुड़े साइबर ठगों के बड़े गिरोह का पर्दाफाश, 03 अभियुक्त गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्तों से 31 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, 05 मोबाइल फोन, आधार-पैन कार्ड एवं ₹19,530 नकद बरामद
एटा। थाना सकीट पुलिस द्वारा सकीट-औंछा रोड़ पर चेकिंग के दौरान एक सफेद होंडा सिटी कार UP 16 CL 2709 को रोककर तलाशी के दौरान जिसमें सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन एवं नकदी बरामद किए गए। प्रेस कांफ्रेंस कर एएसपी श्वेताभ पांडेय ने जानकारी दी कि साइबर अपराध की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सकीट पुलिस द्वारा दिनांक 15 नवंबर की शाम को ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टेबाजी से जुड़े साइबर ठगो के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही बरामद होंडा सिटी कार को आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध न कराने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन, बैंक खातों एवं डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के स्रोत एवं लेन-देन के संबंध में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम पता-
1. उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु वर्मा पुत्र सुनील वर्मा निवासी एमपी नगर थाना कोतवाली नगर एटा।
2. रोहित शाक्य पुत्र सर्वेश शाक्य, निवासी जसराना रोड थाना औंछा मैनपुरी
3. नितिन पुत्र ठाकुर दास निवासी अकबरपुर थाना औंछा मैनपुरी।
बरामदगी-
1. 31 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड।
2. 04 आधार कार्ड एवं 04 पैन कार्ड।
3. 12 सिम कार्ड एवं 05 मोबाइल फोन।
4. 01 ड्राइविंग लाइसेंस।
5. 02 पुरुषों की अंगूठियां (पीली एवं सफेद धातु)।
6. ₹19,530 नकद।
7. एक होंडा सिटी कार।
मुख्य बिंदु-
1. उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु करीब डेढ़ वर्ष से दिल्ली निवासी तरुण नामक व्यक्ति के संपर्क में था तथा उसके लिए काम करता था।
2. अभियुक्त, लोगों को एक माह के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के नाम पर लालच देता था तथा उनसे बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड एवं पासबुक प्राप्त करता था।
3. प्रत्येक बैंक खाते के बदले खाताधारक को ₹5,000 से ₹10,000 तक दिए जाते थे।
4. वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष में लगभग 60 बैंक खाते प्राप्त कर चुका था।
5. बैंक खातों के माध्यम से धनराशि के लेन-देन के बदले अभियुक्त को 10 से 30 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था।
6. इस कार्य में रोहित शाक्य एवं नितिन भी सहयोग करते थे। अभियुक्त उत्कर्ष द्वारा उन्हें 05 से 10 प्रतिशत तक कमीशन दिया जाता था।
7. अभियुक्त द्वारा www.rana247.vip वेबसाइट के माध्यम से कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल एवं Aviator आदि ऑनलाइन गेम/सट्टा खिलाने का कार्य किए जाने की बात बताई गई।
8. उत्कर्ष द्वारा बताया गया कि नोएडा में बैठे मालिक के द्वारा उत्कृष्ट जैसे 50 से अधिक हैंडलर रखे गए हैं जो इसी तरह का काम करते हैं और लोगों से पैसे लगवाते हैं।
9. पूछताछ के अनुसार, उत्कर्ष अपना हिस्सा रखता था और खाते जुटाने में सहयोग के लिए रोहित व नितिन को भी कमीशन देता था। शेष मुनाफा इन्हीं खातों के माध्यम से दिल्ली/नोएडा में बैठे कथित संचालक के 02 बैंक अकाउंट तक पहुँचाने की बात सामने आई है। उत्कर्ष ने उससे व्हाट्सऐप पर संपर्क होने की बात बताई। रकम किन खातों से होकर किस अंतिम लाभार्थी तक पहुँची, इसका सत्यापन किया जा रहा है।
10. अभियुक्त द्वारा IPL match के दौरान ऑनलाइन सट्टा चलने की बात स्वीकार की गई है और उस दौरान लगभग 02 करोड़ रुपए के लाभ प्राप्त करना बताया है।
11. अभियुक्त उत्कर्ष द्वारा online betting और ऑनलाइन ipl सट्टे से पिछले 1.5 वर्ष में लगभग 8.5 करोड़ रुपए अपने मालिक को उपलब्ध कराना बताया गया है।
12. मुख्य अभियुक्त उत्कर्ष वर्मा द्वारा साइबर ठगी करने हेतु उसके मोबाइल में 84 विभिन्न E-MAIL ID का लॉगिन पाया गया है।
डिजिटल साक्ष्य एवं साइबर शिकायतें:-
अभियुक्त उत्कर्ष के मोबाइल फोन में महादेव ट्रेडर्स नामक बैंक खाते का स्टेटमेंट मिला, जिसमें करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। इसके अतिरिक्त BOUNUS GROUP RANA11 YASHU नामक व्हाट्सएप ग्रुप में धनराशि के लेन-देन से संबंधित चैट प्राप्त हुई। संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को पेनड्राइव में सुरक्षित किया गया है, जिनका विस्तृत परीक्षण कराया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में अभियुक्तों से संबंधित बैंक खातों के विरुद्ध बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से कुल 06 साइबर शिकायतें प्रकाश में आई हैं, जिनमें लगभग 1,24,970 रुपये की धनराशि संबंधित है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम-:
1. थानाध्यक्ष श्रीमती मधु दुबे मय टीम।
एटा पुलिस की अपील:
आमजन किसी भी व्यक्ति को कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड अथवा पासबुक उपलब्ध न कराएं तथा ऑनलाइन गेमिंग व सट्टेबाजी से दूर रहें। यह गैर कानूनी है।साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
