सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास खण्ड अवागढ़ के ग्राम गनेशपुर में आयोजित हुई रात्रि चौपाल
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर निस्तारण के निर्देश
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना पर आधारित समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक विकास खंड के चयनित ग्रामों में रात्रि चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकास खंड अवागढ़ की ग्राम पंचायत गनेशपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मा0 विधायक जलेसर संजीव कुमार दिवाकर ने की। रात्रि चौपाल में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई तथा योजनाओं से संबंधित जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अवागढ़ पी.एस. आनंद ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वरोजगार एवं आजीविका संबंधी योजनाओं सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, पेंशन, राशन कार्ड, आवास एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों द्वारा समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
विधायक जलेसर संजीव दिवाकर ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न की जा रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विकास खंड अवागढ़ के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान शैलेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
