जिलाधिकारी के निर्देश पर जलेसर में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
एटा। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशानुसार तहसील जलेसर क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोपालपुर बिखरो में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए प्रभावी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत के क्रम में की गई, जिसमें सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
जिलाधिकारी द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया। साथ ही भूमि को ट्रैक्टर से जुतवाकर पुनः सरकारी उपयोग हेतु सुरक्षित कराया गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों द्वारा प्रशासन की इस कार्यवाही का स्वागत करते हुए इसे सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे सार्वजनिक हित एवं शासन की योजनाओं के लिए सुरक्षित भूमि संरक्षित रह सके।
