प्रदर्शनी में विभिन्न आकर्षक मॉडल देख अचंभित हुए लोग
* जेपी पब्लिक एकेडमी में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
* छात्र-छात्राओं द्वारा झांकियां का भी किया प्रदर्शन
कासगंज।
थिंकफिनिटी थीम को लेकर शहर के जेपी पब्लिक एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान, आर्ट एंड क्राफ्ट, गणित, हिंदी, स्पोर्ट्स, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी आदि विषयों पर आधारित मॉडलों एवं प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारती, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ इंद्रजीत, जिला समन्वयक विज्ञान क्लब डॉ जयंत गुप्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील वार्ष्णेय ने फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। तत्पश्चात विद्यालय के प्रबंधक डॉ निर्मल अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा द्वारा अतिथियों को पटका पहनाकर एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 6 से 12 तक की विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान हिंदी, अंग्रेजी, गणित, आर्ट एंड क्राफ्ट, कंप्यूटर, स्पोर्ट्स, सामाजिक विज्ञान आदि विषयों पर एक से बढ़कर एक मॉडल एवं प्रोजेक्ट बनाकर अतिथियों को आकर्षित किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा छात्र-छात्राओं द्वारा सभी मॉडल और प्रोजेक्ट को बहुत ही लग्न एवं परिश्रम के साथ बनाया गया है। किसी भी मॉडल के मूल्यांकन को कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने विद्यार्थी द्वारा बनाए गए राम मंदिर, वेलकम रोबोट, समुद्र मंथन, बाबा रामदेव, प्लॉटोरियम आदि मॉडलों की प्रशंसा करते हुए बच्चों को अग्रिम भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।
डीआईओएस ने कहा बच्चे देश का भविष्य होते हैं इन्हीं में से कोई अब्दुल कलाम, आइंस्टीन, न्यूटन आदि बनकर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए स्मार्ट सिटी, एटीएम मशीनऔर बिलियर्ड्स टेबल मॉडल्स की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ निर्मल अग्रवाल, प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा, देवेंद्र झा, गौरव माहेश्वरी, शिवांगी अग्रवाल, दिव्यांगी दुबे, अनूप राजपूत एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं तथा छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
