चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) अपने ‘पुलिसवाले की पैंट गीली’ संबंधी बयान पर घिर गए हैं। चंडीगढ़ के डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल ने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है। वहीं, पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (Amrinder Singh) ने कहा है कि यह दुखद है कि पंजाब पुलिस (Punjab Police) का अपमान किया जा रहा है।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब पुलिस के 1700 जवानों ने राज्य को काले दिनों से बाहर निकालने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और अब पंजाब कांग्रेस और उनके अध्यक्ष द्वारा मजाक उड़ाया जा रहा है। वहीं, शिअद नेता दलजीत सिंह चीमा ने सिद्धू की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाया है।
बता दें कि सिद्धू ने हाल ही में सुल्तानपुर लोधी में एक रैली में विधायक नवतेज सिंह चीमा की ओर इशारा करते हुए कहा था कि वह ‘थानेदार (पुलिस वाले) की पैंट गीली करा सकते हैं।’ उन्होंने रविवार को बटाला में एक रैली के दौरान यह बात दोहराई जब स्थानीय नेता अश्विनी सेखरी उनके साथ खड़े थे। जब पत्रकारों ने टिप्पणी के बारे में पूछा तो सिद्धू ने कहा कि इसे शाब्दिक रूप से नहीं लिया जाना चाहिए।
पहले दी थी सुरक्षा लौटाने की चुनौती
गौरतलब है कि डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल ने नोटिस भेजने से एक दिन पहले नवजोत सिंह सिद्धू को सुरक्षा लौटाकर अपनी ताकत देख लेने की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि नवजोत सिंह सिद्धू की एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें सिद्धू अपने कार्यकर्ताओं को पुलिसकर्मी की पैंट गीली करवा देने की बात कह रहे हैं। इस तरह के सीनियर लीडर द्वारा ऐसा बयान देना बहुत शर्मनाक है। इन्हें पंजाब पुलिस के खिलाफ ऐसे शब्द नहीं बोलने चाहिए थे। नवजोत सिंह जिस पुलिस फोर्स के खिलाफ बयान दे रहे हैं वही उनकी और उनके परिवार के लोगों की रक्षा कर रही है।
चंदेल ने कहा था कि जब ऐसी बात है तो वह अपनी सुरक्षा में लगे जवानों को वापस कर दें। इनकी सुरक्षा में 10 से 20 जवान तैनात रहते हैं। पुलिस की सुरक्षा नहीं हो तो रिक्शावाला भी इनका कहा नहीं मानेगा। राजनेताओं को पुलिसकर्मियों का इस तरह मजाक नहीं उड़ाना चाहिए। पुलिस के जवान अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। राजनेताओं को इस तरह के बयान देकर उनका मनोबल नहीं गिराना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘सुरक्षा बलों की अपनी गरिमा है। सिद्धू ने इस तरह के शर्मनाक बयान देकर पूरी पंजाब पुलिस को बदनाम किया है।’
Disclaimer: This article has not been edited by Culprit Tahalaka. This news is published by news agency or other source.
Latest India News In hindi, National NEWS, National politics News, india Politics
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।

