साइबर ठगी का शिकार बने व्यक्ति को राहत, 99,999 रुपये वापस
एटा। जनपद एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। थाना अवागढ़ की साइबर क्राइम टीम की तत्परता से पीड़ित के खाते से निकाली गई 99,999 रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी 2026 को एक आवेदक ने अपने बैंक खाते से 99,999 रुपये की साइबर फ्रॉड के माध्यम से निकासी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के पर्यवेक्षण में थाना अवागढ़ साइबर हेल्प डेस्क टीम को जांच के निर्देश दिए गए।
थाना अवागढ़ साइबर टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की और पीड़ित की पूरी धनराशि उसके खाते में वापस कराई। इस सफल कार्रवाई से पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में थाना अवागढ़ साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित, उपनिरीक्षक शिवा जादौन, कांस्टेबल दीपक कुमार एवं महिला कांस्टेबल अनुराधा राणा की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सतर्क रहें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
