स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे,शत प्रतिशत बच्चों को किया जाए प्रतिरक्षित,योजनाओं के क्रियान्वयन में न बरती जाए शिथिलता : जिलाधिकारी
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जाने वाले भुगतान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों पर एएनएम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा रिक्त पदों के सापेक्ष आवश्यक अतिरिक्त प्रयास कर व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण के कार्य में भिन्नता पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए इसमें सुधार लाकर शत- प्रतिशत बच्चों के टीकाकरण के निर्देश दिए,उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक उपकरण एएनएम के पास सुचारु एवं कार्यशील स्थिति में उपलब्ध रहें, ताकि निर्धारित समयावधि में स्वास्थ्य परीक्षण कार्य पूर्ण किए जा सकें और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इनका लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे जनसामान्य को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अतः सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का संचालन प्रभावी रूप से हो तथा किसी भी दशा में कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति प्रभावित न होने पाए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की प्रगति रिपोर्ट, विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन एवं उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ0 बलवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0रामसिंह, डॉ0 सतीश नागर, यूनिसेफ से आलोक वर्मा, बीएसए दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह सहित समस्त चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
