अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि के त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु एसएसपी एटा व एएसपी द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
एटा। अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय द्वारा भारी पुलिस बल के साथ शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा मस्जिदों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को परखा गया। साथ-साथ सम्बंधित को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धर्मस्थलों के आसपास निरंतर पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) करने के निर्देश दिए गए तथा आमजन से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की गई।
वरिष्ट पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भ्रामक खबर और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीसीटीवी और ड्रोन द्वारा क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री कीर्तिका सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
