सार्वजनिक भूमि से हटाये जायें अनाधिकृत कब्जे, पैमाइश के पश्चात पुनः कब्जा करने वालों पर होगी कार्यवाही
मैनपुरी (अजय किशोर) – थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना एलाऊ में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख जब मौजा नवादा नि. सत्यवीर सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि नवादा के गाटा संख्या-718 पर मनरेगा के तहत कच्चा चकमार्ग लेखपाल व ग्राम प्रधान की मिलीभगत से अवैध तरीके से डाला जा रहा है, उपरोक्त गाटा संख्या में कहीं भी चकरोड या चकमार्ग नहीं है क्योंकि उक्त गाटा मौजा नवादा तथा मौजा वघिरूआ की सीमा के अन्तर्गत आता है, उसी सीमा के अन्तर्गत पड़ना है, उक्त रास्ता प्रार्थी के गाटों में डाला जा रहा है, जो की गलत है, जिस पर उन्होने नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासन की टीम गठित कर ग्राम नवादा, ग्राम बघिरूआ की सीमा का निर्धारण करने हेतु नामित किया।
श्री सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल मौके से ही राजस्व, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर प्रभावी कार्यवाही की जाये, मौके पर जाने वाली टीम का पूरा विवरण थाने की जीडी में अंकित किया जाये, मौके पर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में कार्यवाही की जाये, कृत कार्यवाही पर दोनों पक्षों के साथ गांव के कम से कम 02 सम्भ्रांत व्यक्तियों के भी हस्ताक्षर कराये जायें, मौके पर यदि किसी के द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जाये तो उसे भारी मुचलके में पाबंद किया जाये। उन्होने कहा कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न हो, जहां कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे हों, चकमार्ग, चकरोड, सड़क आमजन के आवागमन के लिए हैं, इन पर अवैध कब्जों के फलस्वरूप आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।
थाना समाधान दिवस के अवसर पर ग्राम ढकपुरा नि. मो. राज ने मकाने के सामने चकरोड डलवाने, ग्राम नवादा नि. मोहकमसिंह, शिवपाल सिंह ने विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध निर्माण एवं आमरास्ते को खुलवाये जाने, गोपालपुर नि. राजेन्द्र सिंह, देवसिंह, विजय सिह, उमेश बाबू, रतेनेश कुमार, अखिलेश कुमार, रमेश, नेगसिंह आदि ने ग्राम के चैतरफा चकरोड को खुलवाये जाने, दयारामपुर नि. हाकिम सिंह ने गाटा संख्या-45 पर विपक्षियों द्वारा अवैध रूप से सरसों की फसल बोये जाने, हवेली नि. शांती देवी ने विपक्षी द्वारा रास्ते में अवैध रूप से बनाये गये शौचालय के टैंक को हटवाये जाने, जगतपुर नि. दलवीर सिंह ने भूमि की पैमाइश कराये जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होने प्रभारी निरीक्षक एलाऊ को राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर समस्या का निदान कराने हेतु आदेशित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, थानाध्यक्ष एलाऊ के अलावा अनिल कुमार सक्सेना सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
