बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के दिसौलीगंज में 17 वर्षीय गनेश उर्फ ज्ञानेंद्र का शव पड़ोसी महिला के घर में चारपाई पर मिला था। उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
परिवार वालों के अनुसार पुलिस ने एक और आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की गई है।
सोमवार को दिसौलीगंज गांव में एक महिला के घर में गनेश उर्फ ज्ञानेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। महिला का कहना था कि किशोर उससे इकतरफा प्यार करता था। वह उससे मिलने घर आया था। वह समझाकर मंदिर चली गई थी। जब लौटकर आई तो किशोर फंदे से लटका मिला।
मंगलवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसकी गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई। इस पर किशोर के पिता ने बुधवार सुबह कोतवाली पहुंचकर आरोपी पूनम और उसके पति संजीव समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अभी उनसे पूछताछ चल रही है। बृहस्पतिवार तक पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
