मलावन स्थित श्री सीमेंट प्लांट में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
एटा। मलावन स्थित श्री आगरा सीमेंट प्लांट में 2 मार्च से 12 मार्च तक आयोजित 55 वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। दस दिवसीय इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्लांट में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों के बीच कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ‘जीरो हार्म’ (शून्य क्षति) के लक्ष्य को प्राप्त करना रहा।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान प्लांट में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में सुरक्षा रैली निकालकर सभी कर्मचारियों और श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों एवं श्रमिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता, सुरक्षा स्लोगन प्रतियोगिता तथा पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए।
सुरक्षा अधिकारी धीरज राय के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यस्थल पर सतर्कता, अनुशासन और सुरक्षा मानकों के पालन के महत्व को रेखांकित किया गया। समापन समारोह के अवसर पर इकाई प्रमुख हितेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इकाई प्रमुख हितेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा केवल एक सप्ताह तक सीमित कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की दैनिक कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं श्रमिकों के उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए प्रबंधन की ओर से कार्यस्थल पर पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने सुरक्षा शपथ लेकर भविष्य में भी कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
समापन समारोह के दौरान प्लांट के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मलावन स्थित श्री सीमेंट प्लांट में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का भव्य समापन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
