रिटायर्ड लोको पायलट ने चाकू से वार करके पत्नी की हत्या की, दोनों बेटियों को लेकर थाने पहुंचा
बेटियों के सामने मां पर किया चाकू से हमला, बड़ी बेटी ने बताई वारदात की पूरी कहानी
आरोपी बोला- अब नई मम्मी ले आएंगे, बेटियों ने कहा- मां की जगह कोई नहीं ले सकता
बिहार के मुंगेर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 55 वर्षीय रिटायर्ड लोको पायलट दशरथ मंडल पर अपनी 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी की हत्या का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी अपनी दोनों बेटियों (8 और 5 वर्ष) को लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान दशरथ ने पत्नी का गला रेतने के बाद उसके पेट में चाकू से दो वार किए। हमले में पूजा की मौत हो गई।
बड़ी बेटी ने बताई वारदात की कहानी..
बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद पिता ने मां को बेड से नीचे गिरा दिया और उसके मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया। फिर चाकू से हमला कर दिया। मां को खून से लथपथ देखकर दोनों बहनें पड़ोसियों को बुलाने जा रही थीं, लेकिन पिता ने उन्हें रोक दिया।
बेटियों के मुताबिक, पिता ने कहा कि अब नई मम्मी ले आएंगे। इस पर दोनों बच्चियों ने जवाब दिया कि मां की जगह कोई नहीं ले सकता।
दहेज प्रताड़ना का भी आरोप..
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पूजा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पिछले पांच वर्षों से उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#BiharNews #Murder
