बिग बॉस फेम अर्चना गौतम की कांग्रेस में वापसी : मेरठ से फिर चमकेगी
अभिनेत्री और ‘बिग बॉस’ फेम अर्चना गौतम की करीब 4 साल बाद कांग्रेस पार्टी में दोबारा वापसी हो गई है. उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और अन्य नेताओं की मौजूदगी में अर्चना को पार्टी में फिर से शामिल कराया गया है. राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर अभिनेत्री और बिग बॉस फेम अर्चना गौतम की चर्चा शुरू हो गई है.
साल 2022 के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने मेरठ की हस्तिनापुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था. वो हार गयी थीं. इसके बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश को लेकर प्रियंका गांधी के निजी सहायक संदीप सिंह के साथ उनका विवाद हुआ था, जिसके चलते उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था. इसके बाद से वह पार्टी से बाहर थीं.
अब करीब चार साल बाद अर्चना गौतम की कांग्रेस में दोबारा एंट्री हो गई है. उत्तरप्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने उनकी पार्टी में वापसी कराई है. अर्चना गौतम मेरठ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं. उनकी वापसी के साथ ही एक बार फिर उनकी राजनीतिक पारी चर्चा में आ गई है. हालांकि, पार्टी में उनकी आगे की भूमिका को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
अर्चना गौतम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है जिसमें कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम उनको बुके देते हुए दिख रहे हैं. अर्चना गौतम का दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश को लेकर प्रियंका गांधी की टीम से विवाद हो गया था. अर्चना गौतम ने अपने और पिता के साथ धक्कामुक्की का आरोप लगाया था. उनका आरोप था कि उनको पार्टी दफ्तर में घुसने नहीं दिया गया. उस समय इस प्रकरण को लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ था.
अर्चना का कहना था कि वह तो महिला आरक्षण बिल पास होने की बधाई देने ऑफिस गई थीं. लेकिन उन्हें अंदर घुसने ही नहीं दिया गया. अर्चना गौतम बोली थीं, ‘उन्होंने गेट ही नहीं खोले, हमें अंदर घुसने ही नहीं दिया. हमें बताया गया कि ऊपर से आदेश है, आपकी एंट्री बंद है. मुझे समझ नहीं आया कि इसकी वजह क्या है. फेसबुक लाइव आकर अर्चना ने प्रियंका गांधी के सलाहकार संदीप सिंह पर गंभीर लगायी थी. उसने कहा कि उन्हें अपशब्द, जातिसूचक शब्द कहे. उन्हें मरवाने, उठवाने की धमकी दी.
अर्चना गौतम बिग बॉस जैसे बड़े शो का हिस्सा रह चुकी हैं. वह मूलरूप से मेरठ की गंगानगर की रहने वाली हैं. हिंदी फिल्मों में वह ग्रेट ग्रैंड मस्ती, हसीना पार्कर समेत तमिल और साउथ की कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं. वह मिस उत्तरप्रदेश 2014, मिस कास्मो इंडिया 2018 समेत कई खिताब जीत चुकी हैं. मिसेज बिकनी इंटरनेशनल अवार्ड सहित कई मॉडलिंग अवार्ड उन्होंने जीती हैं।
