स्कूल से बेटी को छोड़कर लौट रहे अध्यापक की चाइनीज़ मांझे ने ली जान
जनपद जौनपुर में चाइनीज़ मांझे ने एक स्कूल टीचर की जान ले ली। मृतक की पहचान नगर केरामतपुर निवासी संदीप तिवारी (38) के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थे।
सुबह संदीप तिवारी अपनी छोटी बेटी को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक ऊँचाई से लटक रहा चाइनीज़ मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझा निकालने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर मुंह के बल गिर पड़े। तेज़ धार वाले मांझे ने उनकी गर्दन को गहराई तक चीर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में रोष है।
