जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्नातक निर्वाचन केंद्रों का किया निरीक्षण
स्पेशल बूथ डे पर बूथों का निरीक्षण कर विशेष पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में पात्र युवाओं एवं छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के दिए निर्देश
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आज आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सामान्य निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा मतदान केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए स्नातक निर्वाचन के बूथ संख्या के कक्ष 1 एवं 2 का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ने अवगत कराया कि उक्त केंद्र पर दो बूथ बनाए गए हैं, जिनमें कक्ष संख्या-1 पर 1,020 तथा कक्ष संख्या-2 पर 1,142 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत पात्र युवाओं एवं छूटे मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 103-अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या-204 से 208 तक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ के द्वारा एप के माध्यम से फार्म संख्या-6 एवं 7 भरे जाने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक जागरूकता एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों का नियमानुसार सत्यापन कराने तथा यदि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो उसे नियमानुसार तत्काल जोड़ने की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया,इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, एसडीएम डॉ0शशिशेखर, सीओ अलीगंज राजेश सिंह,तहसीलदार, सबंधित बूथ के बीएलओ आदि उपस्थित रहे।
