मिलेट जागरूकता रैली का आयोजन, किसानों को श्री अन्न उत्पादन के लिए किया प्रेरित
एटा। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश के क्रम में जनपद एटा में आज मिलेट (श्री अन्न) जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस जागरूकता रैली में जनपद के सभी विकासखंडों से आए किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रतिभागियों को श्री अन्न (मिलेट) के लोगो युक्त टी-शर्ट एवं कैप वितरित की गईं, जिससे जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया जा सके।
रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य विकास अधिकारी आवास, माया पैलेस, तहसील कार्यालय एटा होते हुए नन्हूमल चौराहा स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय पर समाप्त हुई। समापन स्थल पर मिलेट जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को श्री अन्न के महत्व एवं लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सहायक विकास अधिकारी उपस्थित रहे। उप कृषि निदेशक द्वारा किसानों को मिलेट उत्पादन के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि खरीफ सीजन में रागी, कुटकी, सांवा, कोदो, कंगनी, बाजरा आदि फसलों का उत्पादन अवश्य करें। इन फसलों के बीज ब्लॉक स्तरीय राजकीय कृषि बीज भंडारों पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनकी उपलब्धता जून-जुलाई माह में सुनिश्चित की जाएगी। रैली के दौरान वाहनों पर होर्डिंग एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से श्री अन्न के महत्व का प्रचार-प्रसार किया गया। सैकड़ों किसानों ने पैदल चलकर रैली में सहभागिता की और जागरूकता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में किसानों को भोजन वितरित किया गया तथा उनसे अपील की गई कि वे अपने गांवों में अन्य किसानों को भी श्री अन्न के महत्व के बारे में जागरूक करें, जिससे जनपद में मिलेट उत्पादन को बढ़ावा मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी थाली में श्री अन्न को शामिल करे, तो इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी बल्कि आमजन का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।
