कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी व एसएसपी ने लिया जायजा
अटेना घाट कम्पिल से जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के यात्रा मार्ग अलीगंज सरोठ पिंजरी से जैथरा-कुरावली मार्ग तक व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण*
श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
एटा। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुगमता पूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी ने शनिवार को तहसील अलीगंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फर्रुखाबाद जनपद के अटेना घाट (कम्पिल) से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख मार्ग अलीगंज–सरोठ–पिंजरी–जैथरा–कुरावली का भ्रमण किया तथा मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, कच्ची पटरी की स्थिति, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, कावड़ यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया जाए तथा मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा कर अवगत कराने के निर्देश दिए।
