आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
एटा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही आरक्षी भर्ती परीक्षा को जनपद में सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन द्वारा परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जनपद में यह परीक्षा 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराई जा रही है, जिसमें कुल 3120 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गांधी स्मारक इंटर कॉलेज एवं जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, परीक्षा कक्षों, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एटा श्वेता सिंह सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
