मतदाता ही राष्ट्र विधाता, प्रत्येक पात्र युवा समय से मतदाता सूची में कराएं अपना नाम दर्ज: डीएम एम. अरुन्मोली
मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के तहत जनपद स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिया सशक्त लोकतंत्र का संदेश
मतदाता क्लब के विद्यार्थी जन-जन को मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतंत्र को बनाएं मजबूत: जिलाधिकारी
एटा, 19 नवंबर। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को शहर के अविनाशी सहाय आर्य विद्यालय में जनपद स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में एटा, मारहरा, अलीगंज एवं जलेसर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता साक्षरता क्लब (ई एल सी) के सदस्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं विचारों के माध्यम से ‘सशक्त मतदाता, सशक्त लोकतंत्र’ का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से जहां विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया, वहीं क्विज प्रतियोगिता में अपनी हाजिरजवाबी एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि मतदाता ही राष्ट्र विधाता है और लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक जागरूक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। प्रत्येक पात्र नागरिक को समय से मतदाता बनने के अधिकार का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आगामी 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अभी से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मतदाता क्लब के सदस्य विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने विद्यालयों एवं क्लबों के माध्यम से नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें। अपने परिवार, आसपास के लोगों एवं क्षेत्रीय नागरिकों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें तथा यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि केवल मतदाता बनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक निर्वाचन में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना भी आवश्यक है। विद्यार्थियों की भूमिका समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निबंध प्रतियोगिता में एम जी एच एम इंटर कॉलेज मारहरा की गरिमा कुमारी ने प्रथम, डाइट डीएलएड की छात्रा करिश्मा ने द्वितीय तथा महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की श्रद्धा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार क्विज प्रतियोगिता में अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज के गर्वित वर्मा ने प्रथम, महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की सौम्या ने द्वितीय तथा जेएलएन कॉलेज की प्रतिभा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए ईएलसी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिसके माध्यम से मतदान के महत्व एवं लोकतंत्र में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। रंगोली के संयोजन में स्वीप गतिविधि प्रभारी संजय शर्मा एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने विद्यार्थियों को निर्देशित किया कि वे अपने विद्यालय के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्रीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा प्रत्येक निर्वाचन में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन स्वीप गतिविधि प्रभारी संजय शर्मा ने किया।
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश यादव, नोडल स्वीप प्रशांत वर्मा, ईएलसी के सह जिला समन्वयक शैलेंद्र गुप्ता एवं मतदाता साक्षरता क्लब के जिला समन्वयक सुधीर कुमार का सहयोग रहा। निर्णायक मंडल में प्रवक्ता भारत सिंह, सत्यवीर सिंह एवं डॉ. प्रशांत वर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बदन सिंह, संजीव यादव, राम बहादुर, राम प्रकाश, अश्वनी सिंह, नेहा द्विवेदी, कृष्णवीर सिंह, रामशरण, निशा पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।
