04 वर्ष बाद खुला महिला की हत्या का राज, पति ही निकला कातिल
एटा। चार वर्ष पहले हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतका के पति को ही हत्यारा बताया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या की थी और मामले को छिपाने का प्रयास किया था।
लंबे समय तक चली विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे घरेलू कलह और आपसी विवाद प्रमुख कारण रहे, दरअसल महिला कासगंज जिले में रहकर दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा करने का कार्य करती थी और उसके किसी दूसरे मर्द के साथ अवैध सम्बंध थे, इसी शक के चक्कर में आरोपी पति मंजेश ने अपने दोस्त सौदान के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या की थी और उसकी लाश को एक गड्डे में दफन कर दिया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं मृतका के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है।
