जिलाधिकारी की सतत निगरानी में सिटी गैस परियोजना को मिली गति
———————————————–
चिकोरी उद्योगों सहित जनपद के घरों तक पहुंचेगी पाइप्ड गैस, सभी कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश
———————————————–
जनपद एटा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न
एटा। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क परियोजना की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि फिरोजाबाद CGS से इसौली चौराहा होते हुए अवागढ़ तक स्टील गैस पाइपलाइन बिछाने एवं लाइन टेस्टिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा आवश्यक स्वीकृतियां भी प्राप्त हो गई हैं, अतिशीघ्र अवागढ़ क्षेत्र में गैस आपूर्ति प्रारम्भ होने की संभावना है।
जिलाधिकारी को बताया गया कि जलेसर हेतु प्रस्तावित 15 किलोमीटर स्टील गैस पाइपलाइन में लगभग 14.7 किलोमीटर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा रेलवे क्रॉसिंग का कार्य भी सम्पन्न कर लिया गया है। जलेसर क्षेत्र में उद्योगों को गैस उपलब्ध कराने के लिए लगभग 18 किलोमीटर एमडीपीई पाइपलाइन बिछाने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कासगंज रोड स्थित चिकोरी उद्योगों एवं अन्य औद्योगिक इकाइयों को शीघ्र पाइप्ड गैस उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें सस्ती, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा प्राप्त होगी। साथ ही जनपद के घरों तक भी पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक एनओसी एवं अनुमतियां प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा हेतु प्रत्येक माह समिति की बैठक आयोजित करने को कहा।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
