कौशल प्रदर्शनी एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन, युवाओं को मिला कौशल विकास का संदेश
एटा। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कासगंज रोड, एटा में उ०प्र० कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई एटा के संयुक्त तत्वावधान में कौशल प्रदर्शनी एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मा० वीरेन्द्र सिंह लोधी जी, विधायक मारहरा द्वारा फीता काटकर एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मा० पुष्पेन्द्र सिंह लोधी जी, ब्लॉक प्रमुख शीतलपुर, मुख्य विकास अधिकारी एटा श्री राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, नोडल प्रधानाचार्य डॉ० मो0 आसिफ, जिला रोजगार एवं सहायता अधिकारी विपिन यादव एवं प्रधानाचार्य अशोक कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजित कौशल प्रदर्शनी में उ०प्र० कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई एवं टाटा टेक्नोलॉजी प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा स्थापित आधुनिक मशीनों एवं तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षार्थियों द्वारा विभिन्न स्टॉलों पर तैयार मॉडल, जॉब्स एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।
तत्पश्चात संस्थान के सभागार में प्रशिक्षार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। संवाद कार्यक्रम के दौरान केन्द्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, भविष्य की संभावनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में युवाओं को जागरूक किया गया। साथ ही विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कोर्सों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
नोडल प्रधानाचार्य डॉ० मो0 आसिफ ने जनपद में संचालित उ०प्र० कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अधिकारियों द्वारा संस्थान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नोडल प्रधानाचार्य डॉ० मो0 आसिफ द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से अपील की गई कि वे कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एमआईएस मैनेजर उपेन्द्र सिंह चौहान, डीपीएम रमन कुमार, चौधरी अबरार हुसैन, नन्दकिशोर, रवि बाबू, ज्ञानेन्द्र कुमार, मलिखान सिंह, अभिषेक यादव सहित समस्त स्टाफ, प्रशिक्षण प्रदाता एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
