नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड विजेता धर्मवीर राही का भव्य स्वागत, वनखंडेश्वर आश्रम के जीर्णोद्धार हेतु ट्रस्ट गठित
मैनपुरी 13 अप्रैल अजय किशोर। सामाजिक क्षेत्र में देश का प्रतिष्ठित ‘नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ जीतकर लौटे संवेदना फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर धर्मवीर सिंह राही का बीनेपुर स्थित वनखंडेश्वर आश्रम बारह द्वारी पर जोरदार नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आयोजित एक विशेष बैठक में मंदिर के कायाकल्प और विकास के लिए एक नए ट्रस्ट का गठन किया गया, जिसमें राही को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने राही का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
सम्मान से अभिभूत इंजीनियर धर्मवीर राही ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए अपना पुरस्कार वंचितों और उपेक्षितों को समर्पित किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इंदौर में मिला नेशनल अवार्ड और यहाँ बुजुर्गों से मिला आशीर्वाद उनके संघर्ष की असली शक्ति है। राही ने आश्रम की बदहाल स्थिति और पहुंच मार्ग की समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस ऐतिहासिक आस्था के केंद्र के जीर्णोद्धार की पुरजोर मांग की ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
नवगठित ट्रस्ट को लेकर राही ने संकल्प लिया कि जिस प्रकार संवेदना फाउंडेशन ने मार्कंडेय और च्यवन ऋषि आश्रमों के पुनरुद्धार के लिए अलख जगाई थी, उसी तर्ज पर अब गांव-गांव जाकर लोगों को वनखंडेश्वर धाम से जोड़ा जाएगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, राम किशन मिश्रा, आदित्य और राकेश सहित समस्त पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राही के नेतृत्व में आश्रम को नई पहचान मिलेगी। बैठक में सर्वसम्मति से मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का सम्मान करते हुए क्षेत्र के निष्पक्ष पत्रकारों को माला व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से डॉ. रामकृष्ण मिश्रा, भगवान दास कठेरिया, देवव्रत शाक्य, पूरन सिंह, बंटी मिश्रा, डॉ. मुनेश कश्यप, विमल किशोर और भोले मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मंदिर के स्वर्णिम भविष्य और धर्मवीर राही के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
