इंटर कॉलेज के लिपिक का शव प्रधानाचार्य की कार से हुआ बरामद
एटा। जिले के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव कसेला निवासी राहुल पांडेय हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक राहुल पांडेय माधवानंद इंटर कॉलेज कसेला में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात था।बताया जा रहा है कि रविवार को राहुल कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।इसके बाद कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के अशोकपुर के समीप एक कार में राहुल का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतक के परिजनों ने प्रधानाचार्य समेत नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन को लेकर मृतक और प्रधानाचार्य के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।मामले में थाना जैथरा पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
