मा0 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गए निर्देशानुसार ईवीएम एवं वीवीपैट का एफएलसी कार्य जारी
आयोग द्वारा नामित नोडल अधिकारी ने किया एफएलसी कार्य का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाएं निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप संतोषजनक मिलीं
एटा। मा0भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद एटा में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य दिनांक 02 सितम्बर 2026 से एफएलसी हॉल, वीवीपैट वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट परिसर एटा में प्रारंभ हो गया है। एफएलसी कार्य ईसीआईएल, हैदराबाद द्वारा अधिकृत इंजीनियरों के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया एवं आयोग की गाइडलाइन/एसओपी के अनुसार कराया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा एफएलसी कार्य प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगम लाल एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों का विस्तृत अवलोकन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं एसओपी का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में एफएलसी हॉल में सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रकाश, विद्युत, इंटरनेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए कार्य प्रारंभ कराया गया।
भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के क्रम में एफएलसी कार्य की जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। एफएलसी कार्य की पारदर्शिता एवं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के लिए आयोग द्वारा नोडल अधिकारी ईवीएम (जम्मू एवं कश्मीर) को नामित किया गया है।
इसी क्रम में आयोग द्वारा नामित नोडल अधिकारी ईवीएम (जम्मू एवं कश्मीर) द्वारा जनपद में चल रहे ईवीएम एवं वीवीपैट के एफएलसी कार्य का सघन निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एफएलसी की प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित गाइडलाइन एवं एसओपी के अनुरूप संतोषजनक पाई गईं।
एफएलसी कार्य के दौरान जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एफएलसी कार्य संपादित किया जा रहा है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वास सुनिश्चित हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एफएलसी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित एसओपी के अनुरूप पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए तथा कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया से विचलन न होने पाए।
