पुलिस ने किया मंदिरों से घंटा चोरी करने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश
एटा, उत्तर प्रदेश। थाना पिलुआ पुलिस द्वारा गांव बन्थल स्थित चंडी माता मंदिर से घण्टे चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया गया है, थाना पिलुआ पुलिस ने घटना से सम्बंधित दो अन्तर्जनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार किए हैं जिनके कब्जे से चोरी किए गए पीतल के घण्टे, एक छत्र सफेद धातु , 15000 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। बता दें 16 जून को ओमकार सिंह निवासी बंथल कुतकपुर ने थाना पिलुआ पर सूचना दी कि ग्राम बन्थल में चण्डी माता का मन्दिर से लगभग 100 किलोग्राम वजन के पीतल के घण्टे तथा माता का मुकुट व छत्र जो कि चाँदी का था मुकुट व छत्र चोरी हो गये है। घटना को गंभीरता से लेते हुए
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जि के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप कुशवाह के नेतृत्व में घटना के अनावरण हेतु गठित की गई टीम 17 जून को उपरोक्त घटना का सफल अनावरण करते हुए प्रकाश में आए दो अभियुक्तों योगेश उर्फ लाला पुत्र जगत सिंह निवासी महाराजपुर थाना कोतवाली देहात जनपद बुलन्दशहर उम्र करीब 29 वर्ष एवं विनोद कुमार पुत्र महीपाल निवासी ग्राम अलामपुर थाना मिरहची जनपद एटा उम्र करीब 42 वर्ष को 39 छोटे बडे पीतल के घण्टे, एक छोटा छत्र सफेद धातु 15000 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरणों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्तों द्वारा पूछताछ में बताया गया है कि उनके द्वारा दिनांक 05/06.04.2026 की रात्रि में थाना सकरौली क्षेत्र में तलिया वाली माता मन्दिर से घण्टे व माता की मूर्ति चोरी किए गए थे। दिनांक 12.05.2026 को थाना जसरथपुर क्षेत्र के ग्राम दहेलिया पूठ के बाहर स्थित प्राचीन शिव मन्दिर के मुख्य मन्दिर से 5-6 किलोग्राम वजन का एक पीतल का घण्टा चोरी किया गया था। दिनांक 01.06.2026 को थाना पिलुआ क्षेत्र के एक निजी भूमि में स्थित मन्दिर के बरामदे में लगे 02 पीतल के घण्टे तथा बाहर शिवलिंग के ऊपर लगे एक घण्टे को चोरी किया गया था।
अभियुक्त योगेश गाँव के बाहर स्थित मंदिरों का पता लगाकर वहाँ आने जाने वाले लोगों तथा मंदिर के खुलने व बंद होने के समय आदि की रेकी करता था, जिसके बाद अभियुक्तगण रात के समय पर मंदिर बंद हो जाने के बाद मंदिरों से घंटा, मुकुट आदि की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
