अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो0 एसपी सिंह बघेल ने रेलमंत्री से की भेंट
यात्रियों की सुविधा एवं जनहित में नियमित ठहराव का किया आग्रह
रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का दिया आश्वासन
एटा। नई दिल्ली में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर/एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन संख्या 51901/51902) के नियमित ठहराव की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को एक आग्रह-पत्र भी सौंपा।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. बघेल ने बताया कि अवागढ़ रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी एवं आमजन आगरा, एटा सहित विभिन्न स्थानों की यात्रा करते हैं। वर्तमान में उक्त पैसेंजर ट्रेन का अवागढ़ स्टेशन पर ठहराव न होने के कारण स्थानीय नागरिकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा उन्हें अन्य रेलवे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि अवागढ़ एक महत्वपूर्ण कस्बा होने के साथ-साथ ब्लॉक मुख्यालय, थाना एवं नगर पंचायत भी है। ऐसे में यहां ट्रेन का नियमित ठहराव होने से अवागढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार एवं व्यापारिक गतिविधियों के लिए प्रतिदिन आगरा और एटा आने-जाने वाले लोगों की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो सकेगी।
प्रो. बघेल ने रेल मंत्री से जनहित एवं यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर/एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव हेतु आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
इस पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मांग पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए रेलवे के संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है।
