UP पुलिस से एनकाउंटर में 2 लुटेरे घायल, श्रद्धालुओं से की थी लूट, ई-रिक्शा चालक को मारी थी गोली
मथुरा के वृंदावन में महिला श्रद्धालुओं के साथ लूट करने और विरोध करने पर ई रिक्शा चालक को गोली मारने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. यमुना किनारे हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए.
घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
थाना कोतवाली वृंदावन इलाके में 12 अप्रैल की रात को बाइक सवार 2 बदमाशों ने इंदौर से दर्शन करने आईं महिलाओं के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान बदमाशों ने महिलाओं को लेकर जा रहे ई रिक्शा चालक द्वारा विरोध करने पर गोली मारकर घायल कर दिया था. 12 अप्रैल को इंदौर के मंगल नगर बंगाली चौराहा निवासी 47 वर्षीय समीक्षा, शालिनी, 48 वर्षीय कवा महेश्वरी और 52 वर्षीय मंजू महेश्वरी वृंदावन दर्शन करने आईं थीं.
चारों महिलाएं रमण रेती इलाके में स्थित महेश्वरी सेवा सदन में रुकीं. रात करीब 11 बजे चारों महिलाओं ने वृंदावन परिक्रमा करने का निर्णय किया और इसके लिए उन्होंने 400 रुपए में राघवेंद्र का ई रिक्शा बुक किया. चारों महिलाएं परिक्रमा करते हुए जब निधिवन के समीप पहुंची कि तभी बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला. इस दौरान जब राघवेंद्र ने विरोध किया तो उसे गोली मारकर घायल कर दिया था.
पुलिस की 4 टीम तलाश रही थी बदमाशों को
वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शैलेश पांडे ने इसके खुलासे के लिए पुलिस की 4 टीम लगाई. एसएसपी ने वृंदावन थाना की पुलिस की दो टीम बनाई तो एसओजी और सर्विलांस को भी वारदात के खुलासे में लगाया. करीब 50 पुलिस कर्मी इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में जुट गए.
150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे की देखी रिकॉर्डिंग
12 अप्रैल की रात 12 बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस के समाने चुनौती थी इसको अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान करना. पुलिस ने वारदात स्थल से लेकर वृंदावन के हर उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को देखा जो शहर से बाहर जाते हैं. पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए 150 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली, जिसके बाद बदमाशों की पहचान रिंकू और योगेश के रूप में हुई.
देवरहा बाबा घाट पर हुई मुठभेड़
लूट की वारदात और गोली मारकर घायल करने वाले बदमाश रिंकू और योगेश के रविवार की देर रात देवरहा बाबा घाट से यमुनापार कर भागने की फिराक में थे. इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, जहां बदमाशों से मुठभेड़ हो गई. रिंकू,योगेश और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए. मुठभेड़ में रिंकू के दोनों पैर में गोली लग गई, जबकि योगेश के एक पैर में गोली लगी. मुठभेड़ में घायल रिंकू और योगेश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया दोनों पेशेवर बदमाश हैं. रिंकू और योगेश पर 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. दोनों बदमाशों ने वृंदावन में महिला श्रद्धालुओं के साथ लूट करने के बाद थाना मांट क्षेत्र में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला श्रद्धालुओं का लूटा गया मोबाइल, 12 हजार रुपये नगद के अलावा मांट में की गई लूट में से 20 हजार रूपये, चोरी की बाइक, अवैध हथियार बरामद किए हैं.
