नवागत जिलाधिकारी एम अरुन्मौली ने संभाला कार्यभार, कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का किया निरीक्षण
पटल सहायकों के कार्यों की ली जानकारी, लंबित प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश
कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन एवं समयबद्ध कार्य निस्तारण पर दिया जोर
एटा । नवागत जिलाधिकारी एम.अरुन्मोली ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित होकर कल देर रात्रि कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत आज शासकीय कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट के संबंधित अधिकारियों से सामान्य परिचय प्राप्त करने के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान फौजदारी, न्याय अनुभाग, शस्त्र अनुभाग, भू-अर्जन, नजारत, संयुक्त कार्यालय,राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटल एवं न्यायालयों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों में लंबित प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि लंबित कार्यों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने विभिन्न पटलों पर कार्यरत पटल सहायकों से उनके दायित्व एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक पटल पर संबंधित पटल सहायक का नाम, आवंटित कार्य एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, जिससे आमजन एवं संबंधित अधिकारियों को कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित परिचय पत्र के साथ अपने पटल पर उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करें। कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार का भी निरीक्षण किया तथा पुराने राजस्व अभिलेखों का अवलोकन कर उनके रख-रखाव एवं अभिलेखीय व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यालय एवं सभागार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
