पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कैरियर मेले का आयोजन, छात्राओं को मिले सफलता के मंत्र
मैनपुरी – अजय किशोर। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मैनपुरी में सोमवार को प्रधानाचार्य सुमन यादव के नेतृत्व में सत्र 2025-26 के लिए ‘कैरियर मेला एवं कैरियर हब’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डी.आई.ओ.एस. ने छात्राओं को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी तरह समर्पित रहने हेतु प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ व शाल भेंट कर स्वागत किया गया।
मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। राजकीय पॉलिटेक्निक के डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और नैनोटेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों की जानकारी दी, जबकि अन्य वक्ताओं ने व्यावसायिक व कौशल विकास के विकल्पों पर प्रकाश डाला। कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल्स का मुख्य अतिथि ने निरीक्षण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता देवी ने किया और कैरियर गाइडेंस प्रभारी समीक्षा के देखरेख में विद्यालय में ‘कैरियर हब’ भी विकसित किया गया।
